जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy की उपस्थिति में मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पर प्रमुख कार्यकर्ताओं की दो चरणों में बैठक आयोजित की गई। सुबह और शाम को हुई बैठकों में मानगो सहित जेएनएसी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मानगो के जिन इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, वहां शीघ्र व्यवस्था नहीं होने पर जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल संकट से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं और संबंधित विभागों को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
इसके अलावा बैठक में यह भी तय किया गया कि Jamshedpur Notified Area Committee (जेएनएसी) क्षेत्र की समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा। इसके बाद एक शिष्टमंडल अधिकारियों से मिलकर समाधान की मांग करेगा। यदि प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुई, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने मानगो नगर निगम की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि साफ-सफाई और विकास कार्यों से जुड़ी कई योजनाओं की निविदाएं जारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ है, जिससे लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
बैठक में मुकुल मिश्रा, पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, मनोज सिंह, राकेश सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, पवन सिंह, टुनटुन सिंह और आकाश शाह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और क्षेत्र की समस्याओं पर अपने विचार रखे।

