चाईबासा : झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया गया है। जेल आईजी कार्यालय के निर्देश पर रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से शिफ्ट किया जाएगा। वह फिलहाल रांची जेल में बंद है और उस पर प्रिंस खान गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने तथा हथियार तस्करी में संलिप्त होने के आरोप हैं। कुछ महीने पहले रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने स्थानांतरण की पुष्टि करते हुए कहा कि उसे जल्द ही चाईबासा जेल भेजा जाएगा। जांच एजेंसियों के अनुसार, सुजीत सिन्हा के जेल में बंद होने के बाद गिरोह के संचालन में रिया सिन्हा की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और अक्टूबर 2025 में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान दोनों गिरोहों के बीच समन्वय की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं सुजीत सिन्हा वर्तमान में साहिबगंज जेल में बंद है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।



