जमशेदपुर : देश के सार्वजनिक प्रसारण के गौरवशाली 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी, जमशेदपुर द्वारा नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के सहयोग से एक विशेष आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ।


कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय समाज, संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में आकाशवाणी की नौ दशकों की भूमिका को रेखांकित करना था। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के 20 प्रतिभागियों ने “भारत के विकास में आकाशवाणी की भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर आकाशवाणी से कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार राय, कार्यक्रम अधिशासी राकेश रमन और विवेक आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर किया गया।
राकेश रमन ने कहा कि आकाशवाणी केवल प्रसारण माध्यम नहीं, बल्कि देश की संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों की आवाज है। वहीं राजेश राय ने इसकी विश्वसनीयता और जनसरोकार को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। विवेक आदित्य ने भारतीय भाषाओं और लोक संस्कृति के संरक्षण में इसकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने आकाशवाणी को शुभकामनाएं देते हुए इसे भारत की विकास यात्रा का सशक्त सहभागी बताया। कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि आकाशवाणी मीडिया विद्यार्थियों के लिए एक आदर्श संस्थान है, जहां से निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखी जा सकती है।
कार्यक्रम में कुलसचिव नागेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोइज़ अशरफ, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा सहित कई शिक्षक, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
परिणाम इस प्रकार रहे:
- प्रथम स्थान – अदिना फातिमा (अंग्रेजी विभाग)
- द्वितीय स्थान – प्रतीक झा (विधि विभाग)
- तृतीय स्थान – लक्ष्मी सतपति (पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग)
कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

