आदित्यपुर : आरआईटी थाना का प्रभार संभालने के साथ ही थाना प्रभारी रविकांत पराशर एक्शन मोड में नजर आए। बुधवार को उनके नेतृत्व में आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर चल रहे दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की


जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, हेलमेट, सीट बेल्ट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखते हुए पूछताछ भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी।
थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सघन जांच अभियान के दौरान आरआईटी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

