टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस में जुड़ा अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Spread the love

Tatanagar से चलने वाली टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने एक अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी सीटिंग कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद ट्रेन में कोचों की संख्या 20 से बढ़कर 21 हो जाएगी, जिससे विशेष रूप से सामान्य श्रेणी के यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस (18183) में यह अतिरिक्त कोच 5 जून 2026 से लागू होगा, जबकि बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस (18184) में 6 जून 2026 से नई व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस अतिरिक्त कोच के जुड़ने से यात्रियों को बैठने के लिए अधिक जगह मिलेगी, भीड़भाड़ कम होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक बनेगी। पिछले कुछ समय से इस रूट पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही थी और अतिरिक्त कोच की मांग भी उठ रही थी। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कमलेश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और भविष्य में भी सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।