Ranchi में पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण और भू-माफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने भूमि कब्जा, फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन की खरीद-बिक्री और अवैध कब्जे जैसे मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए भू-माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, गंभीर अपराधों, महिला अपराध, साइबर अपराध और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में तेजी लाने को कहा गया।


बैठक के दौरान फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, तकनीकी निगरानी बढ़ाने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा साइबर ठगी, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब कारोबार पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, जनता से संवाद बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने को कहा गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ऐसे समीक्षा बैठकें जारी रहेंगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

