Bokaro में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब राधानगर पंचायत के समीप लवटन क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव बरामद किए गए। यह स्थान बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग 9 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर दो युवकों की पहचान कर ली गई है। इनमें एक की पहचान बाबलू सोरेन के रूप में हुई है, जो गोमिया प्रखंड के बड़की पुनु गांव के मदवाडीह टिखाहारा का निवासी था, जबकि दूसरे युवक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक ट्रेन की चपेट में आए होंगे, हालांकि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। जीआरपी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। थाना प्रभारी Amarinder Kotwal ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



