छत्तीसगढ़ के सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का फरार आरोपी देवघर से गिरफ्तार

Spread the love

छत्तीसगढ़ के चर्चित सर्राफा व्यापारी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को देवघर से गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार STF, छत्तीसगढ़ पुलिस और देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मनीष मंडल उर्फ नागमणि को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, 26 मई को छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लूटपाट के दौरान एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को उसके देवघर में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से करीब 50 ग्राम सोना और अन्य सामान भी बरामद किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से छत्तीसगढ़ पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।