करोड़ों की लागत से बना स्वास्थ्य केंद्र बना चोरों का निशाना, 10 सोलर प्लेट और 5 पंखे चोरी

Spread the love

पलामू जिले के मोहम्मदगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंचाई कॉलोनी परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से शुरू होने से पहले ही चोरी की घटनाओं का शिकार हो गया है। अस्पताल भवन से अब तक 10 सोलर प्लेट और 5 पंखों की चोरी हो चुकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीएचओ रामी किंडो ने चोरी की पुष्टि करते हुए बताया कि भवन में लगाए गए कई आवश्यक संसाधन गायब पाए गए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से खाली पड़े भवन की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण असामाजिक तत्व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने अस्पताल को जल्द शुरू करने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और परिसर की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के चालू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ-साथ भवन और उपकरणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।