आईटीबीपी जवान संजय पासवान को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Spread the love

पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित बरवाडीह गांव के निवासी आईटीबीपी जवान संजय पासवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों के लोग उनके पैतृक आवास पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, संजय पासवान पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 3 जून की सुबह इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

जब जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल बेहद भावुक हो गया। ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” और “संजय पासवान अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने देश सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार के दौरान आईटीबीपी के जवानों ने सैन्य परंपरा के अनुसार उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम सलामी के साथ देश के इस वीर सपूत को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे मार्ग में शोक का माहौल बना रहा।

संजय पासवान अपने पीछे चार बेटियां, एक पुत्र और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में है। गांव के लोगों ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया और जवान की देशभक्ति एवं सेवाओं को हमेशा याद रखने की बात कही।