जनता दरबार में डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Spread the love

सरायकेला-खरसावां में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनता दरबार में झारखंड आंदोलनकारियों के आश्रितों को सम्मान राशि उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित मामलों, ईचागढ़ क्षेत्र में मानीकुई-कटिया सड़क मरम्मत कार्य के दौरान धूल प्रदूषण रोकने के लिए नियमित जल छिड़काव, तमोलिया पंचायत में जाहेरस्थान की घेराबंदी तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय अगासिया में मध्याह्न भोजन योजना में कथित अनियमितता की जांच जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

इसके अलावा भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, पेयजल एवं अन्य जनहित से जुड़े कई मामलों पर भी लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।