नई दिल्ली : घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 7 जून से 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस महंगी हुई है। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। नई दरें लागू होने के बाद विभिन्न राज्यों और शहरों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतें बदल गई हैं।


बढ़ोतरी के बाद बिहार में सिलेंडर 1002.50 रुपये से बढ़कर 1031.50 रुपये, झारखंड में 970.50 रुपये से 999.50 रुपये, उत्तर प्रदेश में 950.50 रुपये से 979.50 रुपये, पश्चिम बंगाल में 939 रुपये से 968 रुपये, कर्नाटक में 915.50 रुपये से 944.50 रुपये, दिल्ली में 913 रुपये से 942 रुपये और मुंबई में 912.50 रुपये से 941.50 रुपये हो गया है। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय कर और परिवहन खर्च के कारण कीमतों में अंतर रहता है।
बताया गया है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। सरकार के अनुसार, नई वृद्धि के बाद भी घरेलू एलपीजी पर कंपनियों को प्रति सिलेंडर करीब 700 रुपये की अंडर-रिकवरी हो रही है। वहीं, मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में कच्चे तेल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सामान्य है तथा पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

