चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI की बड़ी कार्रवाई, यूपी का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्त में

Spread the love

कोलकाता : चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी हिस्ट्रीशीटर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, वह इस मामले में वांछित था। ज्ञानेंद्र ने हाल ही में एक अन्य मामले में बलिया की गैंगस्टर एक्ट अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया था।

जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की बारासात अदालत से जारी वारंट के आधार पर उसे अपनी हिरासत में लिया और आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में भी जांच एजेंसियों के रडार पर था।

चंद्रनाथ रथ, जो भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे, की 6 मई को मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच सीबीआई कर रही है और इससे पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।