मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक सरकारी डॉक्टर के साथ मारपीट और उनके चेंबर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने खुद को कॉकरोच जनता पार्टी का पदाधिकारी बताते हुए डॉक्टर से पार्टी का समर्थन करने और सदस्य बनने को कहा। डॉक्टर द्वारा इनकार किए जाने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई की।


डॉ. हरिश्चंद्र जायसवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घोसी क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज देख रहे थे। इसी दौरान केरमा महरूपुर निवासी रविशंकर यादव ईसीजी जांच कराने पहुंचा। जांच पूरी होने के बाद उसने डॉक्टर को पार्टी से जुड़ने का प्रस्ताव दिया। मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और चेंबर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी पुलिस थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।

