झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता अजय शर्मा ने रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान महागठबंधन की चुनावी रणनीति, सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राज्यसभा चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।


सूत्रों के अनुसार, बैठक में चुनावी गणित, गठबंधन की मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी मंथन हुआ। नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि महागठबंधन के सभी सहयोगी दल आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाएं, ताकि राज्यसभा चुनाव में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें। राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को राज्यसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और गठबंधन की एकजुटता का संदेश देने वाले महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

