झारखंड में मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं और इसका असर राज्य के कई जिलों में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान सिमडेगा समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा के टी-ऐतांगर में 70.3 मिमी और कुरडेग में 61.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में झारखंड में इसका प्रभाव और बढ़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कई जिलों के लिए बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।


मौसम विभाग ने 11 जून के लिए धनबाद, बोकारो और कोडरमा में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई है। वहीं, 8 जून को साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

