सरायकेला क्षेत्र में शनिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद उत्पन्न तकनीकी खराबी के कारण बिजली संकट गहरा गया है। 33 केवी लाइन में आई खराबी की वजह से रविवार दोपहर तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं क्षेत्र की छोटी और बड़ी औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन कार्य भी प्रभावित हुआ है। कई फैक्ट्रियों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कामकाज ठप पड़ा हुआ है, जिससे उद्योग संचालकों में नाराजगी बढ़ रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार रात से ही बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी जा चुकी है। उपभोक्ता लगातार सरायकेला के कार्यपालक अभियंता और चांडिल के सहायक अभियंता से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लगातार बाधित बिजली आपूर्ति से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों और उद्योग संचालकों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द तकनीकी खराबी दूर कर सामान्य विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

