चांडिल के कपाली ओपी पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली के इस्लामनगर निवासी मो. फिरोज आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2022 को चांडिल थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने हसाडुंगरी स्थित ईंट भट्ठा के पास वादी जाकिर हुसैन के साथ मारपीट की थी और रंगदारी की मांग की थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।


इसी दौरान कपाली ओपी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में पहुंचा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

