रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में बिजली बिल को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बिजली विभाग के एक कर्मचारी पर हमला कर दिया गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए RIMS रेफर किया गया है। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जब 28 वर्षीय राहुल कुमार, जो उमेदांडा निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत हैं, ड्यूटी से लौट रहे थे।


जानकारी के अनुसार, नवाटोली के पास दुंदू गांव निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोककर अपने नाम पर आए 9 लाख 10 हजार 663 रुपये के बिजली बिल को लेकर सवाल किया और उसे गलत बताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि बात बढ़ने पर रवि कुमार ने अपने गांव से कुछ अन्य लोगों को बुला लिया, जिसके बाद सभी ने मिलकर राहुल कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।

