चांडिल में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से तोड़ी गई अवैध चहारदीवारी

Spread the love

चांडिल: चांडिल वन क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से निर्मित चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई चांडिल रेंज अंतर्गत पुड़ीसिली माजू स्थित वन भूमि पर की गई।

जानकारी के अनुसार, वन भूमि के प्लॉट संख्या 385 और 399 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर चहारदीवारी का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों की शिकायत और विभागीय जांच में यह सामने आया कि उक्त भूमि पर कब्जा कर उसे बेचने की मंशा से निर्माण कार्य किया जा रहा था।

कार्रवाई से पहले वन विभाग ने निर्माण स्थल पर नोटिस चस्पा कर संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति विभाग के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद वन विभाग ने जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी चहारदीवारी को ध्वस्त कर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

वनपाल प्रभारी राधारमण ने कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भूमि माफियाओं द्वारा वन भूमि पर कब्जा कर उसकी खरीद-बिक्री करने के प्रयास किए जा रहे थे, जिन्हें विभाग ने समय रहते विफल कर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वन भूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और जहां कहीं भी अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए विभाग की पहल का स्वागत किया।