बोकारो: विस्थापित नेता राजू दुबे समर्थकों के साथ CPI(ML) में शामिल

Spread the love

बोकारो: बोकारो में भाजपा छोड़ने वाले विस्थापित नेता राजू दुबे अपने समर्थकों के साथ सीपीआई (माले) में शामिल हो गए। सेक्टर 8बी स्थित उनके कार्यालय के समीप आयोजित कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के कई स्थानीय नेताओं ने भी भाग लिया और राजू दुबे का स्वागत किया।

राजू दुबे ने कहा कि वह लंबे समय से झारखंड आंदोलन और विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने कांग्रेस से लेकर भाजपा तक कई दलों में कार्य किया, लेकिन सीपीआई (माले) ही विस्थापितों, युवाओं और आम जनता की वास्तविक आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है। इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

इस मौके पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि छोटे-छोटे राजनीतिक बदलाव मिलकर बड़े परिवर्तन की नींव रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राजू दुबे के पार्टी में शामिल होने से बोकारो के शहरी और विस्थापित क्षेत्रों में संगठन और मजबूत होगा तथा विस्थापितों की समस्याओं को अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को जनहित के मुद्दों पर और मजबूती से काम करने का संकल्प लिया।