आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के कुलुपटांगा में भूमि विवाद को लेकर रविवार को तनाव उस समय बढ़ गया जब महापंचायत के बाद स्थिति हिंसक हो गई। जानकारी के अनुसार, भूमिज मुंडा महापंचायत सह आदिवासी भूमि बचाओ सभा समाप्त होने के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ वहां संचालित सनराइज हेरिटेज प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर पहुंची और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


आरोप है कि इस दौरान भीड़ ने बिल्डर सूरज भदानी के कार्यालय में तोड़फोड़ की। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे, एक जेसीबी मशीन तथा निर्माणाधीन दीवार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की किए जाने की भी सूचना है।
विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। बिल्डर सूरज भदानी का कहना है कि संबंधित भूमि के सभी वैध दस्तावेज और स्वीकृत नक्शे उनके पास मौजूद हैं तथा निर्माण कार्य नियमानुसार किया जा रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष के राजू सरदार का दावा है कि यह भूमि उनके पूर्वजों की है और उनका परिवार वर्ष 1964 से इस जमीन पर खेती करता आ रहा है। उन्होंने भूमि अभिलेखों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और न्याय की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बिल्डर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने योगेंद्र शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा, सचिन शर्मा, राजू सरदार, टिकू सरदार समेत कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

