BIHAR: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह एमएलसी (MLC) का टिकट मिलने के बाद माँ यक्षिणी भवानी का आशीर्वाद लेने भलुनीधाम पहुँचे। पवन सिंह पूरे 209 दिनों के बाद इस पावन धरती पर वापस आए हैं। उनके साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।


पुरानी मन्नत हुई पूरी, समर्थकों का उमड़ा सैलाब
पवन सिंह की माँ यक्षिणी भवानी में गहरी आस्था है। इससे पहले वे पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान 10 नवंबर 2025 को एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी आलोक कुमार सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करने भलुनीधाम आए थे। उस समय उन्होंने माता के दरबार में मत्था टेकते हुए दोबारा आने का संकल्प लिया था, जिसे उन्होंने आज पूरा किया।
जैसे ही स्थानीय लोगों और फैंस को पवन सिंह के भलुनीधाम आने की सूचना मिली, मंदिर प्रांगण में उनके समर्थकों और प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इस कदर ज्यादा थी कि सुरक्षाकर्मियों और मंदिर प्रशासन को पवन सिंह को मुख्य दरबार तक ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बोले पवन सिंह- “मन गदगद हो गया”
मुख्य मंदिर में पहुँचकर पवन सिंह और विधायक आलोक कुमार सिंह ने पुरोहितों के सानिध्य में माता यक्षिणी भवानी की विधिवत पूजा-अर्चना की और महाआरती में भाग लिया।
पूजा के बाद मीडिया और प्रशंसकों से मुखातिब होते हुए पवन सिंह ने कहा:
“माँ यक्षिणी के दरबार भलुनीधाम की इस पावन धरती पर आकर मेरा मन पूरी तरह गदगद हो गया है। माता रानी की असीम कृपा हमेशा हम सब पर बनी रहे, यही प्रार्थना है। यहाँ आकर जो शांति मिलती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”
इस दौरान स्थानीय भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने पवन सिंह का भव्य स्वागत किया और एमएलसी टिकट मिलने पर उन्हें बधाई दी।

