रामगढ़ में 18 वर्षीय युवक का शव महुआ पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र स्थित देवरिया सरना स्थल के समीप जोभिया घाटा मैदान में सोमवार को एक युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय विशाल मुंडा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने खेत में महुआ के पेड़ से युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं, स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ी वजहों की भी चर्चा हो रही है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।