जामताड़ा: जिले के थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलाडीह गांव निवासी नरेश महतो, निवास महतो और बिलू महतो के रूप में हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने महिला को बहला-फुसलाकर काशीडीह क्षेत्र स्थित पलाश जंगल के समीप सुनसान स्थान पर ले जाया। आरोप है कि वहां महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर आरोपियों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पीड़िता के बयान और शिकायत के आधार पर जामताड़ा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। साथ ही पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

