झारखंड सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58% से बढ़ाकर 60% किया, जनवरी 2026 से मिलेगा लाभ

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार ने राज्यकर्मियों को बड़ी राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते (DA) में वृद्धि करने का आदेश जारी किया है। वित्त विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, सातवें वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है।

नए आदेश के तहत कर्मचारियों को 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। इसके तहत कर्मचारियों को जनवरी 2026 से बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा, साथ ही पूर्व अवधि का एरियर भी भुगतान किया जाएगा।

यह निर्णय केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में की गई वृद्धि के आधार पर लिया गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद वित्त विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की।

वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता केवल मूल वेतन (Basic Pay) पर लागू होगा। इसे किसी विशेष वेतन या व्यक्तिगत वेतन में शामिल नहीं किया जाएगा।

राज्य सरकार के इस फैसले से झारखंड के लाखों सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।