आदित्यपुर: वार्ड 31 में पाइपलाइन लीकेज से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद, सुबह जलापूर्ति की मांग

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 में रोड नंबर 11, 12 और 13 पर पाइपलाइन लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिंदल कंपनी द्वारा प्रतिदिन दोपहर 2 से 3 बजे के बीच जलापूर्ति के दौरान कई स्थानों पर पाइपलाइन से पानी रिसकर सड़कों पर बहता है और नालियों में चला जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

आदित्यपुर में जलापूर्ति के लिए जिंदल कंपनी ने पाइपलाइन बिछाने का काम किया है। अब लीकेज की समस्या के बाद पाइपलाइन की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पाइपलाइन की जांच और नियमित निगरानी की गई होती, तो पानी की इस बर्बादी को रोका जा सकता था।

वहीं, दोपहर में जलापूर्ति होने से लोगों की दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। खासकर महिलाओं को घरेलू कामकाज, साफ-सफाई और पूजा-पाठ के लिए पानी की व्यवस्था करने में परेशानी होती है। पर्व-त्योहारों के दौरान सुबह पानी की अधिक आवश्यकता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति का समय सुबह निर्धारित करने की मांग की है।

नागरिक समन्वय समिति, आदित्यपुर इकाई के अध्यक्ष निरंजन मिश्रा ने आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन और जिंदल कंपनी से वार्ड 31 के तीनों रोड पर पाइपलाइन लीकेज की तत्काल जांच और मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में बिछाई गई पाइपलाइनों की गुणवत्ता की जांच कर कमियों को दूर करने तथा पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

निरंजन मिश्रा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और इस जनसमस्या के समाधान के लिए पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय पर मरम्मत और बेहतर व्यवस्था से लोगों को राहत मिलने के साथ पानी जैसी बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा की बर्बादी भी रोकी जा सकती है।