रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड के सम्मान, स्वाभिमान और राजनीतिक अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता।


इरफान अंसारी ने कहा कि विधानसभा में उनकी कई भाजपा विधायकों से मुलाकात हुई, जहां उन्होंने उनसे किसी भी दबाव या राजनीतिक समीकरण से प्रभावित हुए बिना झारखंड के हित और सम्मान को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले बड़े उद्योगपतियों की राजनीति को बढ़ावा दिया और अब बाहरी उम्मीदवारों को झारखंड पर थोपने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि राज्य में योग्य और प्रतिभाशाली लोगों की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद बाहरी चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने उन नेताओं पर भी सवाल उठाए, जो पहले परिमल नथवानी का विरोध करते थे और अब उनके समर्थन में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा के विधायकों और सांसदों से महागठबंधन के उम्मीदवार प्रणव झा का समर्थन करने की अपील की।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्यसभा में झारखंड का प्रतिनिधित्व ऐसे व्यक्ति को मिलना चाहिए, जो राज्य की संस्कृति, समाज और जनभावनाओं को बेहतर ढंग से समझता हो। उन्होंने दावा किया कि कई जनप्रतिनिधि झारखंड के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए अपना निर्णय लेंगे।

