हजारीबाग में खास महल की 796 एकड़ जमीन का होगा सर्वे, अतिक्रमण और विवादों की होगी जांच

Spread the love

हजारीबाग: जिले में खास महल भूमि से जुड़े विवादों, अतिक्रमण और अनियमितताओं की जांच के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। इसके तहत हजारीबाग खास महल क्षेत्र की लगभग 796.17 एकड़ भूमि का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। यह सर्वेक्षण अभियान 22 मौजों में चलाया जाएगा और इसे 8 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

खास महल भूमि से जुड़े लीज नवीनीकरण, अवैध हस्तांतरण, अतिक्रमण और भूमि उपयोग में बदलाव के मामलों को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद व्यापक सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया गया। प्रशासन का मानना है कि इससे भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और भविष्य में भूमि विवादों को कम करने में मदद मिलेगी।

सर्वे के दौरान प्रत्येक भूखंड की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि कौन-सी जमीन वैध लीज पर है, किन मामलों में लीज नवीनीकरण लंबित है और कहां अतिक्रमण हुआ है। साथ ही, भूमि उपयोग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जाएगी। राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का मिलान कर प्रत्येक प्लॉट की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

इस अभियान के लिए प्रशासन ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम में एक पदाधिकारी, राजस्व उपनिरीक्षक, अमीन, फोटोग्राफर और चौकीदार को शामिल किया गया है। ये टीमें स्थल निरीक्षण, मापी, फोटोग्राफी, दस्तावेज सत्यापन और भौतिक जांच का कार्य करेंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस सर्वेक्षण से भूमि प्रबंधन प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और विवादों के समाधान में आसानी होगी।