पटना : बिहार शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने की तैयारी की है। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षकों की शिकायतों का निपटारा समय पर और पारदर्शी तरीके से हो सके। इसके लिए जनता दरबार और अन्य शिकायत निवारण मंचों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।


जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग पहले से ही ई-शिक्षा कोष पोर्टल और टोल-फ्री हेल्पलाइन के जरिए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की व्यवस्था कर चुका है, जहां शिक्षक अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और उनका रियल टाइम निपटारा किया जाता है। इसके साथ ही जिला और प्रखंड स्तर पर आयोजित जनता दरबार में भी शिक्षकों की समस्याएं सुनी जाती हैं और अधिकारियों द्वारा उनका समाधान किया जाता है।
विभाग का कहना है कि नए SOP के तहत शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को और सरल और तेज किया जाएगा, ताकि शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में हो सके.

