चांडिल में स्वर्णरेखा नदी हादसा: सोनारी के छात्र की डूबने से मौत, 24 घंटे बाद NDRF ने निकाला शव

Spread the love
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र स्थित जायदा शिव मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में डूबे सोनारी के छात्र प्रेम कुमार बल्लू (23) का शव 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। मंगलवार को रांची से पहुंची NDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से शव बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, जामशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सिदो-कान्हू बस्ती, आदर्श नगर निवासी प्रेम कुमार अपने दोस्त आशीष कुमार के साथ बाइक से चांडिल आया था। दोनों स्वर्णरेखा नदी किनारे स्थित मंदिर के पास पहुंचे थे, जहां उन्होंने नदी किनारे रील भी बनाई।

इसके बाद प्रेम कुमार नहाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन अचानक गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। उसके दोस्त आशीष ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की।

सोमवार शाम से चल रही तलाश को अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा था, जिसे मंगलवार सुबह फिर शुरू किया गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन यहां न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के कोई बैरियर मौजूद हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।