
सरायकेला न्यूज


सरायकेला-खरसावां जिले के सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक मंगलवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, आधारभूत संरचना, पोषण सेवाएं, ईसीसीई गतिविधियों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ एवं महिला सुपरवाइजरों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने, आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा उसी दिन रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यकता अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (MTC) में भर्ती कराने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।
इसके अलावा, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से VHSND सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि समय पर स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और वजन मापन सुनिश्चित हो सके। स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ लाभुकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में ईसीसीई गतिविधियों के अंतर्गत बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने और इन गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया। साथ ही निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करने, भवन निर्माण प्रस्ताव भेजने और जर्जर केंद्रों की मरम्मत सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने किशोरी बालिकाओं एवं माताओं से जुड़ी सभी योजनाओं—सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना—के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही FRS आधारित डिजिटल वेरिफिकेशन, अपार आईडी, आभा आईडी निर्माण और न्यूट्रिशन ट्रैकर में नियमित डेटा एंट्री को तेज करने पर भी विशेष बल दिया गया।

