बोकारो में आधी रात एसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the love

बोकारो: जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिटी थाना, सेक्टर-4 थाना और सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसिंग की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने देर रात आवागमन करने वाले वाहनों की सघन जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। अभियान के दौरान वाहन चालकों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाकर चालकों की जांच की और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गश्ती दलों को नियमित और सघन पेट्रोलिंग करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान नगर पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त और अपराध नियंत्रण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।