रांची सदर अस्पताल बनेगा टेली SNCU और ई-संजीवनी हब, झारखंड में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

Spread the love

रांची: झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रांची सदर अस्पताल को टेली एसएनसीयू (Tele SNCU) हब और ई-संजीवनी हब सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सदर अस्पताल में पहले से संचालित टेली-रेडियोलॉजी और टेली आईसीयू सेवाओं की सफलता को देखते हुए अब नवजात शिशुओं की गहन चिकित्सा सेवाओं और ऑनलाइन स्वास्थ्य परामर्श को भी डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इस पहल के तहत रांची सदर अस्पताल को राज्य स्तरीय डिजिटल हेल्थ हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने रांची के सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि टेली एसएनसीयू और ई-संजीवनी हब की स्थापना से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराया जाए। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

टेली एसएनसीयू हब शुरू होने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) को रांची से जोड़ा जाएगा। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में भर्ती गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ऑनलाइन निगरानी की जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सीय परामर्श और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नवजात मृत्यु दर को कम करने में मदद मिल सकती है।

वहीं, ई-संजीवनी हब के माध्यम से ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के मरीज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। इससे इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और मरीजों का समय तथा खर्च दोनों बचेंगे।

सरकार का मानना है कि यह पहल नवजात स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण चिकित्सा व्यवस्था और टेलीमेडिसिन नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में झारखंड को नई पहचान दिलाने की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा।

रांची सदर अस्पताल को डिजिटल हेल्थ हब के रूप में विकसित किए जाने से राज्य की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था तकनीकी रूप से अधिक सक्षम, सुलभ और प्रभावी बनने की उम्मीद है।