गया : पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों के बीच बड़े स्तर पर तबादला-पोस्टिंग की गई है। रेलवे प्रशासन के आदेश के तहत 63 सब इंस्पेक्टरों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि चार अधिकारियों को पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव को आरपीएफ व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


तबादला सूची में गया जंक्शन आरपीएफ पोस्ट भी शामिल है। यहां तैनात सब इंस्पेक्टर जावेद इकबाल को मानस नगर और मोनिका सिंह को रफीगंज भेजा गया है। वहीं मानस नगर से इंदल कुमार और बरौनी से सत्येंद्र कुमार की तैनाती गया जंक्शन में की गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक जरूरत और बेहतर कार्य निष्पादन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को जल्द अपने नए कार्यस्थलों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

