पटना :मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष बिहार के विकास का विस्तृत खाका पेश किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन और औद्योगिक विस्तार से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।


बैठक में मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत करीब 18 हजार करोड़ रुपये की सहायता की मांग रखी। इसमें पहले से किए गए खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए 13 हजार करोड़ रुपये और आगामी परियोजनाओं के लिए 5 हजार करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा बिहार में 10 आधुनिक औद्योगिक पार्क, बेहतर अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क, राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थान और कौशल विकास से जुड़े कई प्रस्ताव भी केंद्र के समक्ष रखे गए।
सम्राट चौधरी ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में बिहार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में राज्य को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र से विशेष सहयोग का अनुरोध किया।

