लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार शाम पथराव की घटना सामने आई है। मखानपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन के एग्जीक्यूटिव क्लास कोच पर पत्थर फेंके। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भी ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, हालांकि वह पूरी तरह सुरक्षित रहे।


जानकारी के अनुसार, मोहन भागवत शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास E-1 कोच में यात्रा कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन मखानपुर–फिरोजाबाद रेलखंड से गुजर रही थी, कुछ असामाजिक तत्वों ने कोच पर पथराव कर दिया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के समय मोहन भागवत दूसरी ओर बैठे हुए थे, जिससे उन्हें कोई चोट नहीं आई।
सुरक्षा कारणों से ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया और उसे आगे रवाना कर दिया गया। बाद में जब ट्रेन टूंडला जंक्शन पहुंची तो आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। करीब 7:34 बजे ट्रेन के पहुंचने पर सुरक्षा बलों ने कोच में जाकर स्थिति की जांच की और आरएसएस प्रमुख की सुरक्षा की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू कर दी है। मखानपुर–फिरोजाबाद रेलखंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच तेज कर दी गई है।

