गढ़वा। गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अरसली गांव के बंकेटा टोला में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


परिजनों के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अनीता देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें तत्काल भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि घर में जल्द ही शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं। ऐसे समय में हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

