झारखंड में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान शुरू, युवाओं को नशे से बचाने पर जोर

Spread the love

झारखंड में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं बल्कि सामाजिक और पारिवारिक ढांचे को प्रभावित करने वाली गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग नशे की चपेट में आकर अपने भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों, बचाव के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी देगा। अभियान के दौरान ऑडियो संदेशों और प्रचार सामग्री के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी।

उपायुक्त ने आम लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की और कहा कि समाज के सहयोग से ही नशामुक्त झारखंड का सपना पूरा हो सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।