रांची में बाल श्रम निषेध दिवस पर डीएएलएसए ने लगाया जागरूकता शिविर

Spread the love

रांची: विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DALSA) द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कांके प्रखंड में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप-एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने लोगों से बच्चों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उनके अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम करवाना कानूनी अपराध है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। समाज की जिम्मेदारी है कि बच्चों को बाल श्रम से बचाकर उन्हें स्कूल तक पहुंचाया जाए। इस दौरान उन्होंने विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी।

शिविर में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। पीएलवी देवांती कुमारी, बबीता कुमारी सहित अन्य वक्ताओं ने DALSA द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मुफ्त कानूनी सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच पंपलेट और लिफलेट वितरित किए गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जागरूकता पहुंच सके।