सरायकेला के खेत में जाल में फंसा मिला विशाल अजगर, ग्रामीणों ने वन विभाग से की रेस्क्यू की मांग

Spread the love

सरायकेला: जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू गांव में शनिवार को एक सब्जी के खेत में विशालकाय अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में लगे प्लास्टिक के सुरक्षा जाल में फंस जाने के कारण अजगर बाहर नहीं निकल पा रहा था। जैसे ही खेत में काम करने पहुंचे लोगों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी।

कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अजगर के विशाल आकार को देखकर लोग हैरान रह गए। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। विशेष रूप से महिलाएं और बच्चे खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अजगर जाल से निकल जाता है तो आसपास के क्षेत्र में पालतू पशुओं और छोटे बच्चों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि अजगर को सुरक्षित तरीके से जाल से निकालकर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि न तो वन्यजीव को नुकसान पहुंचे और न ही ग्रामीणों की सुरक्षा प्रभावित हो। फिलहाल लोग वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं और प्रशासन ने लोगों से अजगर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।