अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 21 जून को राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) और आयुष विभाग ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।


योग दिवस के अवसर पर स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, पार्कों, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, छात्रावासों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया जाएगा।
अभियान निदेशक सह आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग”रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों के तनाव को कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए वाई-ब्रेक प्रोटोकॉल को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आयुष विभाग ने सभी जिलों से योग दिवस को जनभागीदारी का अभियान बनाकर अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

