सरायकेला: आदित्यपुर में गहराते पेयजल संकट के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। जन कल्याण मोर्चा (जकमो) और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के संयुक्त बैनर तले आकाशवाणी चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों, सोसाइटी प्रतिनिधियों और आम नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला।


धरने का नेतृत्व जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने किया। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष शारदा देवी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष डीएन ओझा, पूर्व डीडीसी डॉ. लाल मोहन महतो, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका संध्या रानी प्रधान, पार्षद नीतू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाई ने किया।
धरना में शामिल लोगों ने आदित्यपुर जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगभग 395-400 करोड़ रुपये की लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना वर्ष 2019 में शुरू हुई थी, जिसका उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र के 32 वार्डों के तीन लाख से अधिक लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। हालांकि, निर्धारित समयसीमा मार्च 2022 बीत जाने के बावजूद योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जलापूर्ति योजना में देरी के कारण लोग आज भी पुराने जलापूर्ति तंत्र और बोरवेल पर निर्भर हैं। गिरते भूजल स्तर के कारण गर्मी के मौसम में जल संकट और भी गंभीर हो जाता है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से जल्द से जल्द परियोजना को पूरा कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।

