जियाडा शिविर कार्यालय में एसपी निधि द्विवेदी ने शुरू की जनसुनवाई, बोलीं- हर नागरिक तक पुलिस पहुंचाना मुख्यमंत्री का सपना

Spread the love

सरायकेला: जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने शनिवार से जियाडा शिविर कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुनने की पहल शुरू कर दी। जनसुनवाई के पहले ही दिन दो दर्जन से अधिक फरियादी अपनी शिकायतों और समस्याओं को लेकर एसपी से मिले।

मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो। इसी सोच को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है।

एसपी ने बताया कि सरायकेला-खरसावां एक बड़ा जिला है, जहां 17 थाना और ओपी के साथ दो अनुमंडल हैं। साथ ही आदित्यपुर क्षेत्र जिले का महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र है, जहां लगभग 2000 उद्योग संचालित हैं। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जियाडा शिविर कार्यालय में नियमित रूप से जनसुनवाई करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल सप्ताह में एक दिन जियाडा कार्यालय में बैठकर लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी। भविष्य में लोगों की जरूरत और मांग को देखते हुए इसे सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाया जा सकता है।

एसपी ने कहा कि पहले दिन प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।