सोनारी क्षेत्र में नागरिक बुनियादी सुविधाओं का अभाव, सुधीर कुमार पप्पू ने उठाए गंभीर सवाल

Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जमशेदपुर न्यायालय के अधिवक्ता, राजनीतिक चिंतक एवं सोनारी थाना शांति समिति के सचिव सुधीर कुमार पप्पू ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि टाटा स्टील केवल एक औद्योगिक संस्था नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास का प्रतीक रही है। एक समय था जब टाटानगर अपनी बेहतर नागरिक सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए देशभर में पहचान रखता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह विश्वास लगातार कमजोर होता दिखाई दे रहा है।

सुधीर कुमार पप्पू ने आरोप लगाया कि टाटा स्टील क्षेत्र के कई इलाकों में कचरे का अंबार लगा हुआ है और सड़कों की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर मरम्मत के नाम पर केवल सड़कों को काटकर छोड़ दिया गया है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि 24 घंटे जलापूर्ति के दावों के बावजूद मीटर लगे क्षेत्रों में भी नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं बिजली विभाग द्वारा कार्य के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं की जाती। साथ ही, बिजली, पानी, ड्रेनेज और पावर लोड बढ़ाने से संबंधित कार्य लंबे समय से लंबित हैं।

ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

इन समस्याओं को लेकर सोनारी क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने सुधीर कुमार पप्पू से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जमशेदपुर सांसद, विधायक, उपायुक्त, टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा तथा शहर को पुनः उसकी पुरानी पहचान दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।