सरायकेला-खरसावां : आमदा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि बड़ाबाम्बो से खमारडीह होते हुए आमदा की ओर एक लाल-काला ग्लैमर मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति गांजा लेकर जा रहा है। सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और रेलवे ब्रिज आमदा के पास चेकिंग शुरू की गई।


रात करीब 1.45 बजे लाल-काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 1.054 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल (नंबर JH05U-2402) और एक ओपो मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान खगेश्वर प्रधान (34 वर्ष), निवासी लवजूड़ा काला, पोस्ट गोपीनाथपुर, थाना टोकलो, जिला पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राम रेखा पासवान, अनुसंधानकर्ता योगेश रजक, काशीकांत गोराई समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

