चांडिल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत डांगाडीह स्थित रहमत नगर (वार्ड संख्या-16) में बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। क्षेत्र में स्थापित 100 केवीए क्षमता वाला ट्रांसफॉर्मर बढ़ते बिजली भार को संभालने में असमर्थ साबित हो रहा है, जिससे आए दिन खराबी और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या उत्पन्न हो रही है।


वार्ड संख्या-16 के प्रतिनिधियों खगेन चंद्र महतो, मन्नान अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 170 उपभोक्ताओं को एक ही 100 केवीए ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति की जा रही है। बढ़ती आबादी और बिजली की मांग के कारण ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक भार पड़ रहा है, जिससे यह बार-बार खराब हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली कटौती का असर घरेलू कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यवसायों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मौजूदा ट्रांसफॉर्मर की जगह 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है। विधायक सविता महतो ने इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग के समक्ष उठाने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

