आदित्यपुर में अतिक्रमण हटाने का विवाद गरमाया, पूर्व पार्षद रणजन सिंह ने वार्ड 17 पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित प्रभात पार्क के समीप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर वार्ड संख्या 18 के पूर्व पार्षद रणजन सिंह ने वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए।

रणजन सिंह ने कहा कि नगर निगम की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों की दुकानें हटाई गईं और इस पूरे मामले में नीतू शर्मा की भूमिका सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दुकानों को हटाने का दबाव बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से दुकानदारों को बसाने की बात कही गई।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई वाले दिन दुकानदारों ने उनसे संपर्क किया था, जिसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर सामान हटाने के लिए समय देने का अनुरोध किया। प्रशासनिक आदेश का सम्मान करते हुए दुकानदारों ने स्वयं अपना सामान हटा लिया।

पूर्व पार्षद ने कहा कि कार्रवाई के बाद मौके पर पहुंचकर हंगामा करना और बाद में मदद की बात करना दोहरी नीति को दर्शाता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनता के हित में समय रहते पहल करने की अपील की।

रणजन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पर कथित टिप्पणी को लेकर भी नाराजगी जताई और वरिष्ठ नेताओं के प्रति मर्यादित भाषा के प्रयोग की सलाह दी। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।