आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मोती नगर में रविवार शाम पत्रकार सुनील गुप्ता और उनके पुत्र अनुराग कुमार गुप्ता पर हुए जानलेवा हमले ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, पत्रकार सुनील गुप्ता बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिता को बचाने पहुंचे उनके पुत्र अनुराग कुमार गुप्ता को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीट दिया।


स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना में प्रकाश कुमार यादव, दिनेश कुमार यादव, नीरज कुमार यादव समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मोती नगर क्षेत्र में वन भूमि पर कथित अवैध कब्जे और संचालित खटालों की जांच के लिए वन विभाग की टीम पहुंची थी, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल था। पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल आदित्यपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

