अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को टीम ने सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से बंद कमरे में कई घंटों तक बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। जांच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए।


शनिवार को राज्य सरकार द्वारा गठित तीन सदस्यीय SIT में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईजी किरण एस और विशेष सचिव वित्त नीलरतन कुमार शामिल हैं। टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर गणनास्थल और निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंगलवार से कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू होने की तैयारी है। जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट एक सप्ताह में और विस्तृत रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर सरकार को सौंपी जानी है।
जांच के पहले दिन विहिप के केंद्रीय मंत्री गोपाल राव को प्रक्रिया से अलग रखा गया। अधिकारियों का मानना है कि सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से अलग-अलग जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चोरी की घटना हुई या नहीं, यदि हुई तो कब से हो रही थी, कितनी राशि प्रभावित हुई और क्या इसमें नकदी के साथ श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए आभूषण भी शामिल हैं।

